दुमका दर्पण , 27 जुलाई 2026। जन शिक्षण संस्थान एवं ट्राइबल स्किलिंग सेंटर, दुमका की बोर्ड ऑफ मैनेजमेंट की बैठक सोमवार को शिव पहाड़ स्थित ट्राइबल स्किलिंग सेंटर परिसर में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जन शिक्षण संस्थान के अध्यक्ष श्री ललन कुमार शर्मा ने की, जबकि आयोजन एवं संचालन संस्थान के निदेशक श्री मोती उपाध्याय के निर्देशन में संपन्न हुआ।
बैठक का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत के साथ हुआ। जन शिक्षण संस्थान एवं ट्राइबल स्किलिंग सेंटर, दुमका के निदेशक श्री मोती उपाध्याय ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। स्वागत उपरांत जन शिक्षण संस्थान के प्रशिक्षणार्थियों द्वारा स्वयं तैयार किए गए जादू पटवा एवं सोहराय संथाल कला पेंटिंग से सुसज्जित अंगवस्त्र भेंट कर अतिथियों को सम्मानित किया गया।
वार्षिक कार्ययोजना एवं वित्तीय प्रस्तावों को मिली मंजूरी
बैठक में जन शिक्षण संस्थान एवं ट्राइबल स्किलिंग सेंटर से संबंधित विभिन्न एजेंडों पर विस्तार से चर्चा की गई। इसमें वित्तीय वर्ष 2026-27 की वार्षिक कार्ययोजना (Part-A), पूर्व बैठकों एवं क्रय समिति के निर्णयों की पुष्टि, वित्तीय वर्ष 2025-26 तथा 30 जून 2026 तक किए गए व्ययों के अनुमोदन सहित कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव शामिल रहे।
विस्तृत विचार-विमर्श के बाद सभी एजेंडों को सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान की गई।
केंद्रीय कारागार के बंदियों को मिलेगा कौशल विकास प्रशिक्षण
बैठक में जिला कौशल विकास पदाधिकारी श्रीमती प्रीति कुमारी ने केंद्रीय कारागार, दुमका के सजायाफ्ता एवं विचाराधीन बंदियों को रोजगारोन्मुख कौशल प्रशिक्षण उपलब्ध कराने का प्रस्ताव रखा।
बोर्ड ऑफ मैनेजमेंट ने इस प्रस्ताव को सर्वसम्मति से स्वीकार करते हुए निर्णय लिया कि जिला कारा प्रशासन के सहयोग से बंदियों को कौशल विकास प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा, ताकि वे भविष्य में आत्मनिर्भर बन सकें।
प्रशिक्षणार्थियों के लिए वित्तीय साक्षरता और सुरक्षा पर भी चर्चा
बैठक के दौरान लीड बैंक, दुमका के प्रतिनिधि ने सुझाव दिया कि जन शिक्षण संस्थान एवं ट्राइबल स्किलिंग सेंटर के प्रशिक्षणार्थियों को वित्तीय साक्षरता कार्यक्रम उपलब्ध कराया जाए।
इसके साथ ही संस्थान के फील्ड में कार्यरत कर्मियों के लिए इमरजेंसी क्षतिपूर्ति हेतु बीमा सुविधा उपलब्ध कराने का सुझाव भी रखा गया, ताकि किसी दुर्घटना की स्थिति में कर्मचारियों एवं उनके परिवारों को आर्थिक सुरक्षा मिल सके। इस प्रस्ताव पर भविष्य की कार्ययोजना में विचार करने की बात कही गई।
नियोजन एवं श्रमिक पंजीकरण पर भी हुई चर्चा
बैठक में प्रशिक्षणार्थियों का श्रम विभाग एवं नियोजन कार्यालय में पंजीकरण कराने पर भी चर्चा हुई। निदेशक श्री मोती उपाध्याय ने बताया कि संस्थान द्वारा प्रशिक्षणार्थियों का नियोजन कार्यालय में पंजीकरण पहले से कराया जा रहा है।
इन अधिकारियों एवं सदस्यों की रही उपस्थिति
बैठक में अध्यक्ष श्री ललन कुमार शर्मा, उपाध्यक्ष श्री बाबूलाल मोदी, जिला उद्योग केंद्र के प्रतिनिधि, गवर्नमेंट पॉलिटेक्निक कॉलेज, दुमका के प्राचार्य श्री जितेंद्र नारायण, जिला कौशल विकास पदाधिकारी श्रीमती प्रीति कुमारी, लीड बैंक प्रतिनिधि श्री सुधीर कुमार, शिक्षाविद श्रीमती श्वेता सिंह, श्रीमती सूरुजमुनी टुडू, श्रीमती रूबी केशरी सहित बोर्ड ऑफ मैनेजमेंट के सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक में RDSDE Ranchi के क्षेत्रीय निदेशक वर्चुअल माध्यम से जुड़े, जबकि विशेष आमंत्रित सदस्य श्री सूरज केसरी भी उपस्थित रहे।
बैठक में बोर्ड ऑफ मैनेजमेंट के सदस्यों के अलावा जन शिक्षण संस्थान एवं ट्राइबल स्किलिंग सेंटर, दुमका के सभी अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे तथा बैठक की विभिन्न व्यवस्थाओं के सफल संचालन में सक्रिय सहयोग दिया।
कौशल विकास गतिविधियों को और प्रभावी बनाने का निर्णय
बैठक में निर्णय लिया गया कि स्वीकृत कार्ययोजना के अनुरूप जन शिक्षण संस्थान एवं ट्राइबल स्किलिंग सेंटर, दुमका द्वारा कौशल विकास, स्वरोजगार एवं आजीविका संवर्धन से जुड़ी गतिविधियों को और अधिक प्रभावी एवं व्यवस्थित ढंग से संचालित किया जाएगा।
बैठक के अंत में अध्यक्ष श्री ललन कुमार शर्मा ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया। वहीं निदेशक श्री मोती उपाध्याय ने अधिकारियों एवं सदस्यों के सहयोग के लिए धन्यवाद देते हुए संस्थान के समग्र विकास हेतु सामूहिक प्रयास जारी रखने का आह्वान किया।
बैठक के उपरांत अध्यक्ष श्री ललन कुमार शर्मा, बोर्ड ऑफ मैनेजमेंट के सदस्यों एवं अधिकारियों ने ट्राइबल स्किलिंग सेंटर (TSC) में संचालित प्रशिक्षण गतिविधियों का निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न ट्रेडों के प्रशिक्षणार्थियों से बातचीत कर प्रशिक्षण की प्रगति की जानकारी ली। इस अवसर पर जन शिक्षण संस्थान के प्रशिक्षणार्थियों द्वारा तैयार जादू पटवा एवं सोहराय संथाल कला से सुसज्जित अंगवस्त्र एवं अन्य हस्तनिर्मित उत्पादों को देखकर सभी अतिथियों ने उनकी सृजनात्मकता, कौशल और मेहनत की मुक्तकंठ से प्रशंसा की तथा ऐसे प्रयासों को स्थानीय कला एवं कौशल विकास को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण बताया।
स्रोत: जन शिक्षण संस्थान एवं ट्राइबल स्किलिंग सेंटर, दुमका द्वारा जारी आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति के आधार पर यह समाचार तैयार किया गया है।




0 टिप्पणियाँ