दुमका दर्पण | 15 अक्टूबर 2026। एस. पी. कॉलेज, दुमका में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) की इकाई-9 के तत्वावधान में 100 सप्ताह के नशा मुक्ति अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। महाविद्यालय के परीक्षा प्रशाल में आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए नशामुक्त युवा, सशक्त समाज और विकसित भारत के निर्माण का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम का नेतृत्व एनएसएस इकाई-9 की कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. होलिका कुमारी मरांडी ने किया, जबकि अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. के. पी. यादव ने की। इस अवसर पर सिदो कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय, दुमका की राष्ट्रीय सेवा योजना निदेशक डॉ. पूनम बिंझा विशेष रूप से उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में डॉ. लीना मुर्मू, डॉ. सनातन मुर्मू, डॉ. बसंती हांसदा, योग गुरु शम्भू रजक और आत्मरक्षा गुरु तपन कुमार गोस्वामी सहित शिक्षक, एनएसएस स्वयंसेवक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी शामिल हुए।
नशे की लत से स्वास्थ्य और भविष्य पर पड़ता है असर
प्राचार्य डॉ. के. पी. यादव ने कहा कि युवाओं में नशे की बढ़ती प्रवृत्ति व्यक्ति, परिवार और समाज के लिए गंभीर चुनौती है। नशे की लत शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को प्रभावित करने के साथ शिक्षा, पारिवारिक जीवन, सामाजिक प्रतिष्ठा और भविष्य की संभावनाओं को भी नुकसान पहुँचाती है। इसके कारण आर्थिक कठिनाइयाँ, पारिवारिक तनाव और सामाजिक समस्याएँ उत्पन्न हो सकती हैं। उन्होंने नशे से दूर रहने को व्यक्तिगत जिम्मेदारी के साथ-साथ परिवार, समाज और राष्ट्र के प्रति दायित्व बताया।
युवाओं से नशामुक्त समाज बनाने की अपील
विश्वविद्यालय की एनएसएस निदेशक डॉ. पूनम बिंझा ने विद्यार्थियों से स्वयं नशे से दूर रहने और अपने मित्रों, परिवारजनों तथा आसपास के लोगों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति राष्ट्र की महत्वपूर्ण पूँजी है। स्वस्थ, अनुशासित और नशामुक्त युवा ही देश के विकास में प्रभावी योगदान दे सकते हैं।
उन्होंने सामाजिक जिम्मेदारी, सेवा भावना और सकारात्मक नेतृत्व विकसित करने में राष्ट्रीय सेवा योजना की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताया।
विद्यार्थियों और स्वयंसेवकों ने ली नशामुक्ति की शपथ
कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय के कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. कुमार सौरभ ने उपस्थित शिक्षकों, एनएसएस स्वयंसेवकों और विद्यार्थियों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई। सभी ने नशे से दूर रहने, दूसरों को नशे के सेवन से बचाने और समाज में नशामुक्ति का संदेश फैलाने का संकल्प लिया।
एनएसएस इकाई-9 की कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. होलिका कुमारी मरांडी ने अभियान के उद्देश्यों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुँचाने तथा विद्यार्थियों को इस सामाजिक मुहिम से जोड़ने पर जोर दिया।
कार्यक्रम का मंच संचालन हिंदी विभाग के सेमेस्टर-7 के विद्यार्थी जाहिर ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन डॉ. बसंती हांसदा ने प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का समापन नशामुक्त जीवन अपनाने और स्वस्थ एवं जागरूक समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के संकल्प के साथ हुआ।


0 टिप्पणियाँ