जन शिक्षण संस्थान एवं ट्राइबल स्किलिंग सेंटर दुमका ने संयुक्त रूप से मनाया विश्व युवा कौशल दिवस, युवाओं को दिया आत्मनिर्भरता का संदेश

विश्व युवा कौशल दिवस कार्यक्रम जेएसएस दुमका

दुमका दर्पण | दुमका | 15 जुलाई 2026

विश्व युवा कौशल दिवस के अवसर पर जन शिक्षण संस्थान (JSS), दुमका एवं ट्राइबल स्किलिंग सेंटर (TSC), दुमका के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को ट्राइबल स्किलिंग सेंटर, शिव पहाड़ में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम संस्थान के निदेशक मोती उपाध्याय के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। इसमें मुख्य अतिथि के रूप में जिला कौशल पदाधिकारी श्रीमती प्रीति कुमारी शामिल हुईं। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए सैकड़ों युवाओं, प्रशिक्षकों एवं प्रशिक्षणार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इसके बाद जिला कौशल पदाधिकारी श्रीमती प्रीति कुमारी का पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया गया।

कौशल ही युवाओं की सबसे बड़ी ताकत: प्रीति कुमारी

जिला कौशल पदाधिकारी श्रीमती प्रीति कुमारी ने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धी दौर में केवल शैक्षणिक डिग्री पर्याप्त नहीं है, बल्कि तकनीकी एवं व्यावसायिक कौशल युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के बेहतर अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने युवाओं से सरकार की कौशल विकास योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील करते हुए कहा कि प्रशिक्षित एवं दक्ष युवा ही विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

विश्व युवा कौशल दिवस कार्यक्रम जेएसएस दुमका

कौशल विकास से आत्मनिर्भर बन रहे युवा: मोती उपाध्याय

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जन शिक्षण संस्थान के निदेशक मोती उपाध्याय ने कहा कि विश्व युवा कौशल दिवस का उद्देश्य युवाओं को उनकी क्षमता के अनुरूप कौशल प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने कहा कि जन शिक्षण संस्थान एवं ट्राइबल स्किलिंग सेंटर समाज के अंतिम पायदान पर खड़े युवाओं, महिलाओं और जनजातीय समुदाय के लोगों को गुणवत्तापूर्ण कौशल प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि कौशल विकास केवल रोजगार प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि सम्मानजनक जीवन, आत्मविश्वास और सामाजिक परिवर्तन की मजबूत नींव है। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों से अपने कौशल के बल पर स्वरोजगार एवं उद्यमिता की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया।

कौशल विकास से समाज और राष्ट्र को मिलेगा लाभ: रूबी केशरी

जन शिक्षण संस्थान के बोर्ड ऑफ मैनेजमेंट की सदस्या श्रीमती रूबी केशरी ने कहा कि कौशल विकास युवाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षित युवा आत्मनिर्भर बनकर अपने परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के साथ-साथ समाज और राष्ट्र के विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।

सफल प्रशिक्षणार्थियों को दिए गए प्रमाण-पत्र

कार्यक्रम के दौरान जन शिक्षण संस्थान, दुमका से कौशल प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने वाले प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। मुख्य अतिथि एवं निदेशक ने प्रमाण-पत्र प्रदान करते हुए सभी प्रशिक्षणार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और उन्हें रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।

धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन

कार्यक्रम का सफल संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन सहायक कार्यक्रम पदाधिकारी (आजीविका) दर्शन हेम्ब्रम ने किया। उन्होंने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कौशल विकास के माध्यम से ही युवाओं के उज्ज्वल भविष्य का निर्माण संभव है।

इस अवसर पर जन शिक्षण संस्थान के बोर्ड ऑफ मैनेजमेंट की सदस्या श्रीमती रूबी केशरी, कार्यक्रम पदाधिकारी सोनाली सोरेन, सहायक कार्यक्रम पदाधिकारी श्रीराम कुशवाहा एवं अश्वनी चौबे सहित जन शिक्षण संस्थान (JSS) दुमका एवं ट्राइबल स्किलिंग सेंटर (TSC) दुमका के सभी अधिकारी, कर्मचारी, प्रशिक्षक एवं बड़ी संख्या में प्रशिक्षणार्थी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में सभी युवाओं ने कौशल विकास के महत्व को समझते हुए आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।

यह समाचार जन शिक्षण संस्थान (JSS), दुमका द्वारा जारी आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति के आधार पर तैयार किया गया है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ